अदान-प्रदान कार्यक्रम: दो बाघ के बदले वन विहार भोपाल को मिले दो शेर
शेर और शेरनी जूनागढ़ के सक्करबाग प्राणी उद्यान से राजधानी लाए गए
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान को दो बाघों के बदले गुजरात से दो एशियाई शेर मिले हैं। वन विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पशु आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत शेर और शेरनी गुजरात के जूनागढ़ के सक्करबाग प्राणी उद्यान से भोपाल लाए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि दोनों शेरों की उम्र करीब तीन साल है। उन्हें वन विहार में देखभाल और चिकित्सा जांच के लिए अलग बाड़े में रखा गया है। वर्तमान में वन विहार में दो शेर और तीन शेरनी हैं। उन्होंने बताया कि शेरों के जोड़े के बदले में छह साल की उम्र का एक बाघ और बाघिन को वन विहार से जूनागढ़ चिड़ियाघर को दिया गया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से अदान-प्रदान योजना के तहत अनुमति मिलने के बाद 17 दिसंबर को वन विहार से एक बाघ और बाघिन को लेकर नौ सदस्यीय टीम जूनागढ़ गई थी। वन विहार भोपाल में बड़ी झील के किनारे स्थित है।