बिलासपुर: बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके में शनिवार को एक मामूली सी बात पर खूनी संघर्ष हो गया। क्रिकेट खेलकर वापस लौट रहे 15 साल के एक छात्र पर थूकने की बात को लेकर पिता और बेटे ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पिता ने नाबालिग छात्र के दोनों हाथ पीछे से दबोच लिए, जिसके बाद बेटे ने धारदार चाकू से उसके पेट और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस हमले में छात्र बुरी तरह घायल हो गया और उसकी आंतें बाहर आ गईं। उसे तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

सड़क पर थूकने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ विवाद

सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महिमा नगर के रहने वाले राम कुमार नायक (31 वर्ष) ने थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका 15 वर्षीय भांजा शिवम नायक उर्फ शिब्बू शनिवार की रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों देवरथ साहू और शिवा राव के साथ पोचो ग्राउंड से मैच खेलकर वापस आ रहा था। जैसे ही वे आदर्श नगर पानी टंकी के पास पहुंचे, शिवम ने सड़क किनारे थूका। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विभय दास के पैर पर थूक की कुछ बूंदें गिर गईं, जिसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।

गाली-गलौज के बाद शांत हो गया था मामला

शिकायत के अनुसार, आरोपी विभय दास ने शिवम के साथ गाली-गलौज की और उससे थूक साफ करने के लिए कहा। जब शिवम ने इसका विरोध किया, तो वह अपने दोस्तों के साथ वहां से आगे निकल गया। उस वक्त ऐसा लगा कि मामला वहीं रफा-दफा हो गया है, लेकिन कुछ ही देर में इस विवाद ने एक बेहद हिंसक रूप अख्तियार कर लिया।

बेटे के साथ पहुंचे पिता ने रास्ते में रोका, फिर घोंपा चाकू

आरोप है कि कुछ ही देर बाद विभय दास अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी पर सवार होकर वहां आ धमका। दोनों ने मिलकर शिवम का रास्ता रोक लिया। दर्ज शिकायत के मुताबिक, पिता विजय कुमार दास ने शिवम को पीछे से कसकर पकड़ लिया ताकि वह हिल न सके, और इसी बीच विभय दास ने चाकू निकालकर उसके सीने और पेट पर एक के बाद एक कई हमले कर दिए। गंभीर चोटों की वजह से शिवम लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के तुरंत बाद दोस्त देवरथ ने शिवम के परिवार को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद घायल छात्र को फौरन सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र की स्थिति नाजुक है। सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।